अभ्युदय (मेरा देश)

अभ्युदय (मेरा देश)
***************
"बता साले...नाम क्या है तेरा...बता..."
वह पाकिस्तानी सैनिक गला फाड़ कर चीख रहा था।
अभ्युदय...विंग कमांडर अभ्युदय निरंकार।
उसका चेहरा अब भी निर्विकार था। उसका पूरा मुख रक्त से लथपथ था और नाक से भल्ल भल्ल बहता रूधिर उसकी बड़ी, काली और ऐंठी हुई मूँछों में जाकर न जाने कहाँ विलीन हो रहा था।
यह शत्रु देश का मिलिट्री हेड क्वार्टर था। मिलिट्रीबेस कैंप में रखी एक फौलादी कुर्सी पर उसे कस कर बाँधा गया था जो सम्भवतया यातना देने के लिए ही बनाई गई थी।
उसके दोनों हाथ रस्सी और गर्दन को पतली वायर रोप से पीछे की तरफ खींच रखा गया था।
...पर वह तना हुआ बैठा था। साढ़े छह फुट की पुष्ट देहयष्टि पर जैसे उसे दी गई यातना का कोई असर न था।
भारतीय वायुसेना की पोशाक जैसे उसके गोरे शरीर को गर्व से भर दे रही थी।
...अच्छा!
मिशन क्या है तेरा...
-नहीं बता सकता।
किस स्क्वॉड्रन से है?
-बताने की अनुमति नहीं है।
स्साले...हरामजादे...यहाँ तू कोई ससुराल नहीं आया है। यहाँ तो बस मेरी ही चलती है।
वह बहादुर धीरे से मुस्कुराया भर..
उसकी इस हँसी ने जैसे जलती अग्नि में घी डालने का काम कर दिया था।
गुस्से में भर कर पाकिस्तानी ने एक जोर का घूँसा उसके नाक पर दे मारा।
नाक से पुनः ताजा रक्त बाहर आकर इस बार उसके सीने पर टपकने लगा।
तभी बाहर से पाकी सेना का कोई बड़ा अधिकारी उस कमरे में घुसा।
उस पाकिस्तानी सैनिक की भाव भंगिमा बड़ी विनम्र हो गई।
उसने बड़ी जोरों से सैल्यूट मारा और एक तरफ खड़ा हो गया।
-क्या बताया इस काफिर ने..।
कुछ खास नहीं जनाब..।
नाम है अभ्युदय निरंकार...विंग कमांडर है।
...और कुछ बताया नहीं इसने... पर फिकर नहीं  बस दस मिनट में सब बता देगा हुजूर...दस मिनट ..।
उसकी जरूरत नहीं...। मुझे सब पता चल चुका है।
ग्वालियर हिंदुस्तान का एन डी ए कैडेट, फाइटर पायलट है ये...बाप इलाहाबाद बेस का रिटायर्ड एयरमार्शल... जुनूनी है...कुछ भी कर गुजर जाने का जज्बा इसमे कूट कूट कर भरा है।
इसने हमें पैंतीस मिलियन डॉलर का नुकसान पहुँचाया है।
क्या..?? उस पाकिस्तानी सैनिक की आँखें हैरानी से जैसे बाहर आने लगीं।
...पर कैसे सर!!
आज जब हमने अपने अपने अमरीकी F16 से हिंदुस्तान में घुसने की कोशिश की तो यह अपने पुराने इंटरसेप्टर मिग 21 बिस को लेकर पीछे आ गया।
पर सर...कहाँ हमारा नया फुल्ली इक्विपड एफ16 और इनका पचहत्तर का मॉडल मिग 21 बिस जो मोडिफाइड भी नहीं था,
..और आए दिन ऐसे ही क्रैश होता रहता है।
कहते-कहते हँस पड़ा था वो।
वह अधिकारी...जो शायद मेजर से कम रैंक का न था...गंभीर हो गया।
यहीssतो...ये हिंदुस्तानी आपस की लड़ाई से आज तक नया जहाज खरीद न सके। दो मिलियन के बरसों पुराने एयरक्राफ्ट से ये बंदा अपने पीछे पड़ गया और हमारे जहाज को मार गिराया।
पर हुजूर! गुस्ताखी मुवाफ!
एक मिग कहीं एफ16 को गिरा सकता है??
ये तो ऐसे ही हुआ न कि कोई ट्रैक्टर ले के ट्रक का पीछा करे..।
अबे गधे! वह मेजर गुर्राया..बड़ी बात यह है कि उसे चला कौन रहा था।
ये...ये विंग कमांडर..।
उसने उस घायल सैनिक की ओर इशारा किया।
बहुत खतरनाक है ये...चीते की तरह फुर्तीला और शेर की तरह हिम्मती।
वो तो इसके जहाज ने इसे धोखा दे दिया।
ये गिरा...पर अब भी जिंदा है...तना बैठा है।
--इसे खत्म कर दें क्या सर!!
नहीं...मेजर फिर से गुर्राया...
जिनेवा समझौता सुना है तुमने...।
नहीं जनाब! क्या है उस जेनेवा समझौते में..।
सच्ची...गधा ही है तू...तभी इतने सालों में पिट्ठू ही रह गया फौज में।
पूरी बात तो तेरे भेजे में आएगी नहीं..
सीधी बात एक लाइन में ये... कि यह युद्धबंदी है और इसे हमें छोड़ना पड़ेगा...वो भी तुरन्त...बाइज्जत और सही सलामत...।
हैsएँ...ये क्या बात हुई...
और न छोड़ें तो..??
"मट्टी पलीद हो जाएगी हमारे देश की.."
तुझे पता है न... कल हिन्दोस्तां के उस भीषण एयर स्ट्राइक के बाद हमने कहाँ-कहाँ नाक नहीं रगड़ी।
उन्होंने हमारे चार सौ ट्रेंड बन्दे मार दिए और हम बोल भी नहीं सकते...क्या कहें कि हम अपने इलाके में जैश को ट्रेनिंग दे रहे थे?
बल्कि कोई देख न ले, इसलिए आनन फानन में उन्हें हटाना पड़ा। बेचारों को जन्नत तो क्या ठीक-ठाक क़ब्र भी नसीब न हुई।
अब फ्रांस उन्हें जल्दी रफाल देने की बात कर रहा है।
चायना चुप है जैसे जानता ही नहीं हमें..।
अमरीका उल्टे हमीं पर गुर्रा रहा है।
--पर क्यों भला... हम तो उसके दोस्त हैं।
अमरीका का कोई दोस्त नहीं...जो उसका माल...हथियार खरीदे वही दोस्त।
--पर हमने तो उससे हथियार खरीदे ही हैं।
हा.. हा..हा...जोर से हँसा पाकी मेजर।
तुझे लगता है कि इतने महँगे फाइटर प्लेन हम खरीद सकते हैं...हमारे पास तो छह महीने का राशन खरीदने लायक भी पैसा नहीं..।
ये प्लेन हमें दिए गए थे अपने देश में दहशतगर्दों को खतम करने के लिए...हमने इस्तेमाल किए हिंदुस्तान के मिलिट्री बेस पर हमले के लिए...।
इसी से हमे खफा है वो दुनिया का सबसे बड़ा गुंडा...अमेरिका।
..और अब उसे हमसे ज्यादा जरूरत है हिंदुस्तान की..।
उनकी नोटबन्दी के बाद हमारी कमर वैसे ही टूट गई थी..। करोड़ों-अरबों के जाली नोटों की खेप खराब हो गई...अब तीन चार सौ लड़ाकू कल इस्लाम के नाम पर काम आ गए।
--पर जनाब! कोई इस्लामिक देश भी तो अपने फेवर मे आया नहीं...ऐसा क्यों?
उसका...उस हिंदुस्तान का प्रधानमंत्री देश मे रहता कहाँ है...चार सालों में सबको गले लगा-लगा कर अपना बना लिया उसने...।
कुछ की मदद करके बहुतों से मदद लेने की कला का पक्का कूटनीतिज्ञ है वो..।
 इंडोनेशिया, बांग्लादेश, ईरान, सऊदी...सब उसके साथ हैं। पूरा यूरोप उसका ही गाना गा रहा है। हमारा पक्का दुश्मन इजराइल उसके गले में हाथ डाले पड़ा है।
चेहरा देखा है उसका...कितना क्रूर...तानाशाह।
प्रधान सेवक कहता है खुद को ।
...और प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री, विदेशमंत्री और वित्तमंत्री सबकी पॉलिसी खुद ही बनाता है।
तुम देख ही तो रहे हो...बीस विपक्षी दलों के आपस में मिलने के बाद भी इक्कीस ही है वो...। सुना है...खाता है खिचड़ी...और सोता भी तो नहीं है।
--पर हमारे वजीरेआला भी तो...
--चुप कर ओए...
ये कोई क्रिकेट की पिच नहीं है बच्चे..।
आज उन्होंने कोशिश की थी इस पायलट की धमकी देकर.. जवाब आया "तुरंत छोड़ दो नहीं तो..."
अब हिंदुस्तान वो पुराना वाला न रहा जो बम्बई और उनकी संसद के हमले के बाद भी शांत बैठा रहेगा...।
सेना को खुल्ली छूट दे दी है अब तो..।
इस बार हम समझने में चूक कर गए...इसीलिए अपना वाला वजीर..एक मौका और माँग रहा है। बस अभी वीडियो बनाकर आया है कि कल इसे सलामती के साथ वापस भेज देंगे।
धत्त तेरे की..
उस सैनिक के मुँह से एक भद्दी सी गाली निकली।
चल...अब जैसा मैं कहता हूँ...कर।
इसे दर्द और सूजन कम करने के इंजेक्शन लगा। चेहरे और कपड़े का खून साफ कर और एक अच्छी सी कॉफी बना इसके लिए।
...और हाँ... इससे गुजारिश करना कि यही कहे कि 'मुझसे अच्छा बर्ताव किया पाक फौज ने।'
मुझे इसके वीडियो बनाने के आदेश मिले हैं।
यू.एन. ने अभी माँगे हैं, धमकी के साथ...बस एक घण्टे में..।
...और कल इसे भेजने की तैयारी कर...अच्छे बर्ताव के साथ... याद रखना।
--सैनिक मुड़ा अभ्युदय की ओर और बोला-
चल! कॉफी पिलाता हूँ तुझे...कल तेरी रिहाई है...तू भी क्या याद करेगा...किस रहमदिल से पाला पड़ा है।
माँ भारती के लाल...उस वीर अभ्युदय का चेहरा गर्व से तन गया..
वह बुदबुदाया... वन्देssमातरम।
*****







टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सप्तश्लोकी दुर्गा Saptashlokee Durga

हरि अनंत हरि कथा अनंता। A Gateway to the God

नारायणहृदयस्तोत्रं Narayan hriday stotram